गुरुग्राम में बर्गर किंग रेस्तरां के एसी में ब्लास्ट, धमाके से उड़े शीशे, खाना छोड़कर भागे लोग
सेक्टर-14 मार्केट में शनिवार देर रात हुआ हादसा
गुरुग्राम, 23 अगस्त (हि.स.)। शहर की सबसे व्यस्त सेक्टर-14 मार्केट में शनिवार देर रात बर्गर किंग रेस्तरां रेस्टोरेंट में एसी का कंप्रेसर फट गया। जोरदार धमाका सु कर लोग खाना छोड़कर बाहर भाग गए। रेस्तरां में लगे शीशे भी चकनाचूर हो गए और चारों तरफ कांच के टुकड़े बिखर गए। आवाज सुनते ही मार्केट में दहशत फैल गई। घटना के वक्त बाजार में अच्छी-खासी चहल-पहल थी और लोग वीकेंड पर आउटिंग कर रहे थे। अचानक हुए ब्लास्ट से कई दुकानदारों ने डर के मारे तुरंत अपनी दुकानों के शटर तक गिरा दिए।
इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। जिस वक्त ब्लास्ट हुआ, उस समय आउटडोर कंप्रेसर यूनिट के पास कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। रेस्टोरेंट के अंदर बैठे ग्राहक और काउंटर स्टाफ भी बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की राइडर टीम और भीमनगर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने एहतियात के तौर पर रेस्टोरेंट के आसपास के हिस्से को खाली कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
शुरुआती जांच में ओवरहीटिंग को ब्लास्ट की वजह माना जा रहा है। कमर्शियल आउटलेट्स पर एसी लगातार कई घंटों तक चलते हैं, जिससे मशीनें ओवरहीट हो जाती हैं। धूल जमने से वेंटिलेशन रुकना या गैस रिफिलिंग में गड़बड़ी से कंप्रेसर का प्रेशर अनियंत्रित होकर फट गया। फिलहाल तकनीकी कारणों की जांच जारी है। सुरक्षा मानकों और सेफ्टी ऑडिट की तसल्ली के बाद ही रेस्टोरेंट को दोबारा खोला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

