home page

गुरुग्राम: विकसित भारत के निर्माण के लिए आध्यात्मिक जागृति अनिवार्य: ज्ञानेश्वर कुमार सिंह

 | 
गुरुग्राम: विकसित भारत के निर्माण के लिए आध्यात्मिक जागृति अनिवार्य: ज्ञानेश्वर कुमार सिंह


-ओम शांति रिट्रीट सेंटर में संपन्न हुआ बच्चों का तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर

-बच्चों ने सीखी चूज राइट, लिव लाइट की कला

गुरुग्राम, 18 जून (हि.स.)। भारतीय कॉर्पोरेट मामलों के संस्थान के महानिदेशक एवं सीईओ ज्ञानेश्वर कुमार सिंह ने कहा कि केवल भौतिक विकास से विकसित भारत का स्वप्न साकार नहीं हो सकता। राष्ट्र की प्रगति के लिए आध्यात्मिक जागृति अत्यंत आवश्यक है। वे गुरुवार को ब्रह्माकुमारीज के बोहड़ा कलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में बच्चों के लिए आयोजित तीन दिवसीयचूज राइट, लिव लाइट विषय पर आधारित ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन अवसर पर बोल रहे थे।

ज्ञानेश्वर कुमार सिंह ने कहा कि जैसे एक मजबूत भवन के लिए उसकी नींव का महत्व होता है, ठीक उसी प्रकार जीवन निर्माण में मानवीय मूल्यों की नींव सर्वोपरि है। उन्होंने बच्चों के चरित्र निर्माण में ब्रह्माकुमारीज संस्थान के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने आशीर्वचन में बच्चों को सदा सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि झूठ का रास्ता अल्पकालिक होता है, जबकि सत्य की राह कठिन होने के बावजूद महानता की ओर ले जाती है। उन्होंने बच्चों को बुरा न देखने, न सुनने, न करने और न सोचने के सिद्धांतों को जीवन में उतारने का संदेश दिया। माउंट आबू से पधारीं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके मंजू दीदी ने कहा कि बचपन ही वह पावन पड़ाव है जहां से जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। संस्कारों की मजबूत नींव पर ही व्यक्तित्व का भव्य महल खड़ा होता है। कार्यक्रम का सुचारु मंच संचालन बीके यीशु ने किया। बीके रेखा एवं बीके निकिता ने शिविर के सफल संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर