गुरुग्राम: पानी में नाव चलाने पर हाईवोल्टेज ड्रामा, चालान से पुलिस का इंकार
-गुरुग्राम में जलभराव पर तंज कसने के लिए सडक़ पर उतारी थी ब्रांडेड नाव
गुरुग्राम, 11 अगस्त (हि.स.)। शहर में बरसाती पानी में कार्स 24 कंपनी की टीम द्वारा नाव चलाने को लेकर दिनभर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण कंपनी प्रबंधक ओर जिला प्रशासन में बयानों का दौर चलता रहा। मंगलवार देर शाम पुलिस ने 50 हजार का चालान काटने की बात से इंकार कर दिया। पुलिस की ओर से भेजे गए संदेश में कहा गया कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऐसा कोई चालान नहीं किया गया।
कार्स-24 की ब्रांड और कम्युनिकेशंस हेड प्राची शर्मा की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। कार्स-24 कंपनी द्वारा गुरुग्राम में बरसात में जलभराव होने पर एक नाव चलाई थी। कंपनी की ब्रांड और कम्युनिकेशंस हेड प्राची शर्मा की लिंक्डइन पर एक पोस्ट की। जिसमें लिखा कि कंपनी ने गुरुग्राम की सडक़ों पर जलभराव और प्रशासन की कथित विफलता पर मजाक करने के लिए कार्स 24 ब्रांड वाली नाव पानी में उतारी थी। नाव की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि जलभराव के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का भी चालान काटा जाना चाहिए। प्राची के अनुसार नाव पानी में उतारने के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया और नाव का 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। प्राची शर्मा ने अपनी पोस्ट में भी लिखा कि-पिछले हफ्ते गुडग़ांव में कानून तोडऩे की हमें यही कीमत चुकानी पड़ी। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश में मजाक के तौर पर नाव उतारी थी। चालान कुछ ही सेकंड में आ गया। देर शाम पुलिस की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि गुरुग्राम ट्रेफिक पुलिस द्वारा नाव का 50 हजार रुपये का चालान काटने का दावा गलत है। पुलिस की ओर से ऐसा कुछ नहीं किया गया। पुलिस के इस बयान के बाद सवाल यह भी खड़े हो गए हैं कि आखिरकार कार्स-24 की अधिकारी की ओर से 50 हजार रुपये के चालान की बात क्यों फैलाई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

