home page

गुरुग्राम: पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ दिया स्पष्ट संदेश: सर्वप्रिय त्यागी

 | 
गुरुग्राम: पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ दिया स्पष्ट संदेश: सर्वप्रिय त्यागी


गुरुग्राम, 03 सितंबर (हि.स.)। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में संपन्न हुए उज्बेकिस्तान एवं किर्गिज गणराज्य के सफल दौरे और बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में भारत के प्रभावी प्रतिनिधित्व को देश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

सर्वप्रिय त्यागी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 29 से 30 अगस्त तक उज्बेकिस्तान तथा 31 अगस्त से एक सितंबर तक किर्गिज गणराज्य की यात्रा की। इस दौरान ताशकंद में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ व्यापक द्विपक्षीय वार्ता हुई, जबकि बिश्केक में 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने भारत की प्राथमिकताओं और वैश्विक दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से रखा। यह यात्रा भारत और मध्य एशिया के बीच रणनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा, तकनीकी और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली रही। उन्होंने कहा कि उज्बेकिस्तान के साथ भारत के संबंधों को कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटिजिक पार्टनरशिप के रूप में और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बनी। व्यापार एवं निवेश, परिवहन कनेक्टिविटी, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों की स्पष्ट निंदा करते हुए आतंकवाद के वित्तपोषण, सुरक्षित ठिकानों और उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ मिलकर कार्रवाई की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर