गुरुग्राम: एडवोकेट निर्मला शर्मा बनीं महिला बीजेएमसी हरियाणा की अध्यक्ष
-बीजेएमसी की हरियाणा महिला सेल का गठन
गुरुग्राम, 21 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी श्रमिक संगठन, भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) की हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी की बुधवार को घोषणा कर दी गई। गुरुग्राम की एडवोकेट निर्मला शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। गुरुग्राम से अमित शर्मा को बीजेएमसी के प्रदेश अध्यक्ष बनाकर 40 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी पहले ही गठित की जा चुकी है। अब महिला मोर्चा की कमान एडवोकेट निर्मला शर्मा को सौंप कर बीजेएमसी ने महिला श्रमिकों के अधिकारों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया है। अब बीजेएमसी पूरे हरियाणा प्रदेश में महिला श्रमिकों के सशक्तिकरण की दिशा में भी मजबूती से काम करेगा।
बीजेएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्नब चटर्जी और राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष दीपक शर्मा ने एडवोकेट निर्मला शर्मा के नाम की घोषणा की। इस मौके पर बीजेएमसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरमान गांगुली, राष्ट्रीय महामंत्री अंग्रेज सिंह, उत्तराखंड के अध्यक्ष महंत तारागिरी, गुरुग्राम नगर निगम वार्ड 36 की पार्षद रेखा सैनी, भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष अतर सिंह संधू, मंजीत कटारिया, विजय सिंह कोच, अजीत भारद्वाज, पहाड़ी बाबा अंकित गर्ग सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और हरियाणा भर से आए संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर अर्नब चटर्जी ने कहा बीजेएमसी श्रमिकों और सरकार के बीच कड़ी का काम करता है। श्रमिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता है। उन्होंने कहा कि निर्मला शर्मा की नियुक्ति से हरियाणा में संगठन को मजबूती मिली है। अब महिला श्रमिकों के अधिकारों की आवाज भी बुलंद होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

