गुरुग्राम: बाइक से ड्यूटी पर जा रहे युवक की कैंटर से कुचलकर मौत
दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला था युवक
कैंटर चालक मौके का फायदा उठाकर हुआ फरार
गुरुग्राम, 21 मार्च (हि.स.)। यहां बाइक से ड्यूटी पर जा रहे एक युवक की कैंटर से कुचलकर मौत हो गई। मृतक युवक दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला था। वह गुरुग्राम से अपनी ड्यूटी करके घर जा रहा था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार हीरो होंडा चौक पर शनिवार को एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कैंटर ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया। मृतक की पहचान कमल कुमार झा के रूप में हुई है। वह ड्यूटी करने के लिए गुरुग्राम आया था। वह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम करता था। पुलिस ने बाइक नंबर प्लेट के आधार पर मृतक की पहचान की। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। कैंटर चालक के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस जांच अधिकारी रीना ने शनिवार को बताया कि हादसे की युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

