गुरुग्राम में रियल एस्टेट कंपनी मालिक को धमकी देकर की फायरिंग
-कंपनी मालिक को हिमांशु भाऊ गैंग ने अक्टूबर 2024 में दी थी धमकी
-गोलीबारी में कंपनी मालिक का ड्राइवर हुआ घायल
गुरुग्राम, 08 मार्च (हि.स.)। यहां हीरो होंडा चौक के पास एक रियल एस्टेट कंपनी के मालिक को अक्टूबर-2024 में फिरौती मांगकर धमकी देने के बाद अब फायरिंग की घटना सामने आई है। शनिवार की देर रात की इस घटना में कंपनी मालिक का ड्राइवर घायल हुआ है। वह राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि जिस समय गाड़ी पर गोली चलाई गई, उस समय गाड़ी में कंपनी मालिक मौजूद नहीं थे। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि हिमांशु गैंग ने पहले धमकी दी थी। हो सकता है फायरिंग भी उसी गैंग की ओर से की गई हो। हालांकि अभी तक इस फायरिंग की जिम्मेदारी किसी गैंग ने नहीं ली है।
जानकारी के अनुसार यहां हीरो होंडा चौक के निकट स्थित एक कार कंपनी बिग बॉय ट्वॉयज (बीबीटी) के पास रियल एस्टेट कंपनी बीपीटी के मालिक नितिन आहुजा की गाड़ी खड़ी थी। गाड़ी में ड्राइवर राजपाल मौजूद था। वहां पर बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों को गाड़ी पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसमें एक गोली गाड़ी के ड्राइवर को लगी। बदमाशों ने वहां बिग बॉय ट्वॉयज (बीबीटी) गाड़ी कंपनी के शोरूम पर भी गोलियां चलाई। फायरिंग में शोरूम के शीशे टूट गए। गाडिय़ों को भी नुकसान हुआ है। फायरिंग करके आरोपी फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने हमलावरों की पहचान भी कर ली है। बताया जा रहा है कि आरोपी अतुल, दीपक व नीरज झज्जर जिला के गांव कुलासी के रहने वाले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि कंपनी मालिक नितिन आहुजा को अक्टूबर 2024 में हिमांशु भाऊ गैंग की ओर से धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की थी। गैंग की ओर से करोड़ों रुपये फिरौती मांग की गई थी। शिकायत करने के बाद सेक्टर-37 पुलिस थाना में केस भी दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अभी गोली चलाने को लेकर यह स्पष्ट नहीं है कि इसमें किसका हाथ है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी यह पता चल पाएगा। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

