गुरुग्राम: तालाब में नहाने गए दो लोगों की डूबने से मौत
दोनों ने एक-दूसरे को बचाने में गंवाई जान
गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। बजघेड़ा गांव में बुधवार दोपहर पानी से भरे गहरे तालाब में नहाने गए दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के वैशाली निवासी 46 वर्षीय रंजीत राय और दिल्ली के बिजवासन निवासी 27 वर्षीय महिंदर पाल के रूप में हुई है। दोनों बजघेड़ा में किराये पर रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली थी। दोनों व्यक्ति इलाके के एक बड़े जलभराव वाले तालाब में नहाने गए थे। पहले वे किनारे बैठे रहे और बाद में पानी में उतर गए। कुछ देर बाद रंजीत बाहर आ गया, जबकि महिंदर अंदर ही रहा।
पुलिस के मुताबिक महिंदर तालाब के गहरे हिस्से में फिसल गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए रंजीत दोबारा पानी में कूद गया, लेकिन दोनों को तैरना नहीं आता था और वे डूब गए।
सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे में महिंदर का शव बरामद कर लिया गया। रंजीत का शव तलाशने में कई घंटे लग गए। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बचाव अभियान में अग्निशमन विभाग की टीम की भी मदद ली गई। लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद दूसरे शव को भी बाहर निकाला गया।
दोनों शवों को गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी शवगृह भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम गुरुवार को होगा।
पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अब तक किसी साजिश या आपराधिक आशंका की बात नहीं कही है। परिजनों के बयान या लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

