home page

गुरुग्राम: क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड प्वाइंट के नाम पर ठगी, छह काबू

 | 
गुरुग्राम: क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड प्वाइंट के नाम पर ठगी, छह काबू


-गुरुग्राम साइबर पुलिस ने ठगों को दबोचा

-आरोपियों के पास सात मोबाइल, वॉकी-टॉकी सेट, ठगी की स्क्रिप्ट ब

गुरुग्राम, 02 जुलाई (हि.स.)। क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट बकाया बिल में समायोजित कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का गुरुग्राम साइबर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना साइबर अपराध पश्चिम की टीम ने अलग-अलग जगहों से छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से काफी सामान बरामद किया गया है, जिसे वे ठगी में इस्तेमाल करते थे।

एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में शिकायत दी थी कि पांच मार्च 2026 को एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट बिल में एडजस्ट करके छूट दिलाने का झांसा दिया। इस तरह आरोपी ने पीड़ित से 83,305 रुपये की साइबर ठगी कर ली। शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर थाना पश्चिम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 जून को फरमान और सत्य प्रकाश को संगम विहार, दिल्ली से गिरफ्तार किया। वहीं 30 जून को नरेन्द्र सिंह, अरविन्द कुमार, विनोद व आसिफ को गोविंदपुरी, दिल्ली से पकड़ा गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सत्यप्रकाश पीओएस एजेंट है और सिम जारी करता है। आरोपी फरमान ने अपने नाम से सिम निकलवाकर कमीशन लेकर सत्यप्रकाश को दे दी। सत्यप्रकाश ने वह सिम नरेन्द्र, अरविंद, विनोद और आसिफ को दे दी। ये चारों आरोपी खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। ठगी के लिए एक्सिस बैंक के रिवॉर्ड प्वाइंट समायोजन की फर्जी स्क्रिप्ट भी तैयार कर रखी थी। पुलिस ने आरोपियों से सात मोबाइल, तीन वॉकी-टॉकी सेट, स्क्रिप्ट के दो पेज और ग्राहकों के डेटा वाले चार पेज बरामद किए हैं। पुलिस टीम आरोपियों से अन्य साइबर धोखाधड़ी के मामलों में भी गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि गिरोह ने कई और लोगों को भी निशाना बनाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर