गुरुग्राम: पक्षपात के आरोपों से घिरे सहायक रजिस्ट्रार त्रिलोचन सिंह निलंबित
-उनके निलंबन पर सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने सरकार का आभार जताया
गुरुग्राम, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा सहकारी समितियां गुरुग्राम में कार्यरत सहायक रजिस्ट्रार त्रिलोचन सिंह चट्ठा को प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। उन पर गुरुग्राम की विभिन्न सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों की मैनेजमेंट लंबे समय से प्रशासनिक समस्याओं और कथित पक्षपात करने के आरोप लगा रही थीं। इन मामलों को लेकर प्रतिनिधि लगातार संबंधित उच्च अधिकारियों और सरकार के समक्ष शिकायतें दर्ज करवा रहे थे तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
कर्मयोगी कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड के प्रधान विकास चोपड़ा, दीवान सिंह, जोगिंदर सिंह, अभिनव सोसाइटी से नितिन भाटिया, अलकनंदा सोसाइटी से हरीश भूटानी, स्वर्ण जयंती सोसाइटी से विंग कमांडर गिरिराज पुनिया सहित अन्य सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि त्रिलोचन सिंह च_ा के कार्यकाल के दौरान सोसाइटियों के प्रबंधन से जुड़े मामलों में कथित तौर पर अनुचित और पक्षपातपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे सोसाइटियों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। प्रतिनिधियों के अनुसार कुछ मामलों में अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर आदेश जारी किए जाने की शिकायतें भी उठाई गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सोसाइटी की आम सभा (जनरल बॉडी मीटिंग) को उसकी निर्धारित तिथि से मात्र एक-दो दिन पहले रोकने संबंधी आदेश जारी किया गया था। प्रतिनिधियों का कहना है कि इस प्रकार के निर्णयों से सोसाइटियों के नियमित कामकाज और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हुई।
इन सहित अन्य मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार शिकायतें की जाती रही थीं।
प्रतिनिधियों ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर उन्होंने उच्च स्तर पर लगातार अपनी आवाज उठाई और प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। हरियाणा सरकार द्वारा त्रिलोचन सिंह चट्ठा को निलंबित करने के फैसले को उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद किया है। साथ ही उम्मीद जताई कि सोसाइटियों से संबंधित शिकायतों पर आगे भी निष्पक्षता से विचार किया जाएगा तथा नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित होगी। प्रतिनिधियों ने कहा कि सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियां हजारों परिवारों के हितों से जुड़ी हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सोसाइटियों से संबंधित लंबित शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि निवासियों और सोसाइटी प्रबंधन का प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास और मजबूत हो।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

