home page

गुरुग्राम: गृह मंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां का के. मकरंद पांडुरंग ने लिया जायजा

 | 
गुरुग्राम: गृह मंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां का के. मकरंद पांडुरंग ने लिया जायजा


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गुरुग्राम में विकसित भारत संकल्प सभा

गृह मंत्री के दौरे के दौरान ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध

गुरुग्राम, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम में कल बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली) पार्किंग में आयोजित किया जाएगा।

सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्टेज मैनेजमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पब्लिक मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा सहित अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत आयुक्त एवं सचिव ने वीडियो कॉन्फेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के डीसी के साथ बैठक की। उन्होंने जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, जनभागीदारी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गुरुग्राम में सात अक्टूबर को दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जिलाधीश उत्तम सिंह ने सात अक्टूबर को पूरे गुरुग्राम जिले में ड्रोन, पैराग्लाइडर सहित किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई वाहन अथवा उडऩे वाली वस्तु के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध सात अक्टूबर 2026 को पूरे गुरुग्राम जिले में लागू रहेगा।आधिकारिक सरकारी कार्य के लिए इस्तेमाल में लाए जा रहे उपकरणों को इन आदेश से बाहर रखा गया है।

उपायुक्त उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान आमजन एवं अन्य जिलों से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधन भी होगा। कार्यक्रम के उपरांत गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मशाल यात्रा रवाना होगी। आयोजन में गुरुग्राम के साथ फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर जिलों से भी जनभागीदारी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर