home page

गुरुग्राम: सतत मॉनिटरिंग से ही वायु गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव: भूपेंद्र यादव

 | 
गुरुग्राम: सतत मॉनिटरिंग से ही वायु गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव: भूपेंद्र यादव


-एनसीआर में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की गुरुग्राम में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

गुरुग्राम, 25 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुरुग्राम में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं वायु गुणवत्ता सुधार उपायों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। शुक्रवार देर रात तक चली इस बैठक में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए तैयार की गई कार्ययोजना के विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली (सीएएक्यूएमएस) के विस्तार, इलेक्ट्रिक वाहनों एवं बसों को बढ़ावा देने, पुराने वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई, नो पीयूसीसी-नो फ्यूल व्यवस्था, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट प्रबंधन, ठोस कचरा निस्तारण, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर कार्रवाई तथा धान की पराली के प्रभावी प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच और अधिक बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर प्रभावी कार्रवाई, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट (एमएसडब्ल्यू) के निस्तारण, बायोमास जलाने की रोकथाम तथा धान की पराली के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्ययोजना के प्रत्येक बिंदु की नियमित समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग से ही वायु गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव हो सकेगा। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बैठक में निर्देश दिए कि एनसीआर के प्रमुख जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत के मुख्य चौक-चौराहों पर व्यापक स्तर पर हरियाली विकसित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को अगले एक माह के भीतर ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

गुरुग्राम के राजीव चौक की तर्ज पर विकसित हों अन्य चौराहे

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के राजीव चौक की तर्ज पर अन्य प्रमुख चौक-चौराहों को भी हरित स्वरूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान वर्षा ऋतु हरियाली बढ़ाने का उपयुक्त समय है। ऐसे में अधिक से अधिक ट्रैफिक प्वाइंट्स पर पौधारोपण एवं हरित विकास कार्य कर प्रदूषण को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख स्थानों पर अधिक से अधिक ईवी चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएं। धान की पराली प्रबंधन पर चर्चा के दौरान केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर गांव-गांव में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि किसान पराली न जलाने के लिए प्रेरित हों।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर