home page

गुरुग्राम: आदित्य बिरला कंपनी की महिला अधिकारी ने पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान

 | 

पति और ससुरालीजनों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

पुलिस को मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

गुरुग्राम, 14 मई (हि.स.)। सेक्टर-51 स्थित आदित्य बिरला कंपनी की एक महिला अधिकारी ने गुरुवार को ऑफिस बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान देहरादून निवासी जागृति बारी के रूप में हुई है। वह कंपनी में सीनियर अकाउंट्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। बताया गया है कि जागृति करीब 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नौकरी कर रही थी। सेक्टर-65 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार जागृति ने वर्ष 2023 में मेरठ निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित सिंघल से लव मैरिज की थी। शादी के बाद वह रोजाना गुरुग्राम से मेरठ के बीच सफर कर नौकरी पर आती-जाती थी। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई हार्दिक बारी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शादी के बाद से ही जागृति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि जागृति का पति उसकी पूरी सैलरी अपने पास रखता था और उसे खर्च के लिए पैसे तक नहीं दिए जाते थे। घरेलू विवाद और लगातार प्रताड़ना के कारण वह काफी तनाव में रहने लगी थी। भाई का कहना है कि इसी मानसिक दबाव और पारिवारिक कलह से परेशान होकर जागृति ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस द्वारा इस घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर