home page

गुरुग्राम: हीरो होंडा चौक पर ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत

 | 
गुरुग्राम: हीरो होंडा चौक पर ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत


- गलत दिशा से आ रही स्कूटी ट्रक से टकराई

गुरुग्राम, 14 मई (हि.स.)। हीरो होंडा चौक के पास सर्विस लेन पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक युवक की पहचान फिलहाल नई बस्ती निवासी के रूप में हुई है, हालांकि देर शाम तक उसके नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

बताया जा रहा है कि युवक कुछ समय पहले ही अपने घर से निकला था और स्कूटी पर कहीं जा रहा था। इसी दौरान सर्विस लेन पर सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अपनी सही दिशा में आ रहा था, जबकि स्कूटी सवार गलत दिशा से अचानक सामने आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।

ट्रक चालक विशाल शर्मा ने भी पुलिस को दिए बयान में यही बात कही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारण हीरो होंडा चौक और आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य कराया। जांच अधिकारी का कहना है पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर