गुरुग्राम: तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर डिलीवरी बॉय की मौत
गुरुग्राम, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर पर हुए सडक़ हादसे में एक बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार फ्लाईओवर पर लगे पाइप में जा फंसा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को अलसुबह तीन बजे पीसीआर-9 के इंचार्ज ईएचसी विजय पाल को सूचना मिली थी कि सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर पर बाइक सवार का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही एएसआई राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। मौके पर देखा तो बाइक सडक़ किनारे पड़ी थी और बाइक सवार अजय फ्लाईओवर पर लगे पाइप के अंदर फंसा हुआ था। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है। वह जोमैटो और स्विगी के लिए डिलीवरी बॉय का काम करता था और रात में ऑर्डर डिलीवर कर लौट रहा था। हादसे की सूचना पर मृतक की मां रेशमा अस्पताल पहुंची और शव की शिनाख्त की। उन्होंने पुलिस से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मां के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

