गुरुग्राम के सरहौल में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
-एक युवक था डेटा एनालिस्ट, आरोपी ड्राइवर ट्रैक्टर छोडक़र भाग
गुरुग्राम, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सेक्टर-18 सरहौल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय डेटा एनालिस्ट सौरभ विश्वकर्मा और उसके पड़ोसी दिव्यांश की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर ट्रैक्टर छोडक़र फरार हो गया।
सौरभ मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना के नागोद का रहने वाला था। वह 15 साल से मोलाहेड़ा में परिवार के साथ किराए पर रहता था। वह सेक्टर-56 की एक आईटी कंपनी में डेटा एनालिस्ट था और पार्ट-टाइम रैपिडो भी चलाता था। दिव्यांश विदिशा का रहने वाला था। बुधवार सुबह सौरभ ऑफिस जा रहा था, तभी उसने पड़ोसी दिव्यांश को लिफ्ट दी। सरहौल के पास पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर से दोनों उछलकर गिरे और ट्रॉली बाइक को रौंदते हुए निकल गई। हेलमेट के बावजूद सिर और छाती में गंभीर चोट से ज्यादा खून बहने से मौत हो गई। सेक्टर-18 थाना पुलिस ने शवों को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गई है और नंबर प्लेट के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

