गुरुग्राम में शुरू हुई 59वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता
-लॉन टेनिस व क्रिकेट प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के खिलाड़ी ले रहे हैं भाग
-ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खिलाडिय़ों को खेल भावना से खेलने की दिलाई शपथ
गुरुग्राम, 08 सितंबर (हि.स.)। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियममें शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के तहत लॉन टेनिस की 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के लडक़ों तथा क्रिकेट की 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के लडक़ों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उप-जिला शिक्षा अधिकारी गीता आर्य ने किया। इस अवसर पर एसटीपी जीएमडीए वेद प्रकाश सहरावत, तथा समाजसेवी एवं भाजपा नेता रवि बंसल विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा की छात्राओं ने मनमोहक हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति की छटा बिखेरी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भीमगढ़ खेड़ी नवीन खन्ना तथा प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्लामपुर लखपत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाडिय़ों को गुरुग्राम के क्रिकेट खिलाड़ी द्वारा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ भी दिलाई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

