home page

गुरुग्राम: 24 मीटर सडक़ खुली तो सात हजार लोगों की राह से दूर हुई बाधा

 | 
गुरुग्राम: 24 मीटर सडक़ खुली तो सात हजार लोगों की राह से दूर हुई बाधा


बिल्डर सोसायटियों में 24 मीटर सडक़ों की समस्या का होगा प्राथमिकता से समाधान

मंत्री राव नरबीर सिंह ने गोदरेज एयर सोसायटी में 24 मीटर सडक़ के री-ओपनिंग का किया शुभारंभ

गुरुग्राम, 21 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार बिल्डर सोसायटियों में 24 मीटर चौड़ी सडक़ों की समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से शहरी अवसंरचना को मजबूत कर रही है। कैबिनेट मंत्री शनिवार को सेक्टर-85 स्थित गोदरेज एयर सोसायटी में 24 मीटर सडक़ के री-ओपनिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में डीसी अजय कुमार तथा मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव भी उपस्थित रहे। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम जिले में जिन-जिन सोसायटियों में 24 मीटर सडक़ की कमी या अवरोध की समस्या सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। गुरुग्राम के सेक्टर-85 के निवासियों को 24-मीटर की सेक्टर सडक़ खुलने से लंबे समय से अटकी राहत मिली है। यह सडक़ इस इलाके को मल्टी-यूटिलिटी कॉरिडोर और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ती है। इस जोडऩे वाली सडक़ के न होने के कारण, हजारों परिवारों को रोजाना आने-जाने में दिक्कत होती थी और भीड़भाड़ वाले अंदरूनी रास्तों पर निर्भर रहना पड़ता था। यह मुद्दा सालों से अनसुलझा था, जब तक इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में नहीं उठाया गया। तब एक बड़ी सफलता मिली, जब गोदरेज प्रॉपर्टीज ने जमीन का वह निजी टुकड़ा खरीद लिया, जो सडक़ के रास्ते में रुकावट बना हुआ था। कंपनी का मकसद उस रुकावट को हटाकर 24-मीटर की सडक़ को आम लोगों के इस्तेमाल के लिए खुलवाना था।मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सभी के अथक प्रयासों की बदौलत ही पहुंच से जुड़ा यह लंबे समय से अटका मुद्दा आखिरकार सुलझ गया है। सडक़ खुल गई है। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि इस मुद्दे को शिकायत निवारण समिति के माध्यम से सामने लाया गया था। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और टीम के सामूहिक प्रयासों से इसका एक समाधान मिल गया। गोदरेज प्रॉपर्टीज की सीईओ-नॉर्थ जोन गीतिका त्रेहान ने कहा कि सरकार और प्रशासन की यह पहल सेक्टर-85 में पहुंच से जुड़ी एक पुरानी समस्या का समाधान करती है। गोदरेज प्रॉपर्टीज को इसके क्रियान्वयन में सहयोग देकर खुशी हुई है। यह नई 24-मीटर सडक़ कनेक्टिविटी में काफ़ी सुधार करेगी, और निवासियों के लिए रोज़मर्रा की सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाएगी। अब जब यह सडक़ चालू हो गई है, तो 7000 से ज्यादा निवासियों को सेक्टर तक सीधी पहुंच का लाभ मिलेगा, जैसा कि मूल रूप से योजना बनाई गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर