home page

गुरुग्राम: दो झपटमार गिरफ्तार, हीरे-चांदी की बालियां व दो मोबाइल बरामद

 | 
गुरुग्राम: दो झपटमार गिरफ्तार, हीरे-चांदी की बालियां व दो मोबाइल बरामद


-देवीलाल कॉलोनी के साहिल उर्फ कालू और अभिषेक दबोचे गए

-एक आरोपी पर पहले से सात केस दर्ज

गुरुग्राम, 02 जुलाई (हि.स.)। यहां ओल्ड रेलवे रोड स्थित भीम नगर बस स्टैंड के पास महिला से बैग छीनकर फरार हुए बाइक सवार दो झपटमारों को गुरुग्राम पुलिस ने अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन, दो चांदी और दो डायमंड की बालियां बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार 22 जून 2026 को एक महिला ने थाना शहर में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि भीम नगर बस स्टैंड, ओल्ड रेलवे रोड के पास बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका हैंड बैग छीन लिया। बैग में दो मोबाइल फोन, आभूषण और नकदी थी। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल उर्फ कालू को 28 जून और अभिषेक को एक जुलाई को सेक्टर-7 ग्राउंड देवीलाल कॉलोनी से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी देवीलाल कॉलोनी, गुरुग्राम के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने साहिल को 29 जून को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया था।

एक आरोपी पर पहले से सात केस

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी साहिल उर्फ कालू आदतन अपराधी है। उस पर गुरुग्राम में चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत पहले से सात केस दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने भीम नगर बस स्टैंड के पास हुई झपटमारी की वारदात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीने गए दोनों मोबाइल फोन, दो चांदी की बालियां और दो डायमंड की बालियां बरामद कर ली हैं। पुलिस टीम अब यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। नकदी की बरामदगी के लिए भी पूछताछ जारी है। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुनसान जगहों पर मोबाइल और बैग संभालकर रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर