गुरुग्राम: चालान के ढाई लाख रुपये नहीं भरे ताे पिकअप गाड़ी जब्त
-पिकअप के 14 चालान मिले लंबित, खतरनाक ड्राइविंग व नो एंट्री में प्रवेश कर किया अपराध
गुरुग्राम, 08 मई (हि.स.)। यातायात पुलिस ने शुक्रवार को एक ऐसे डंपर को जब्त किया, जिसके अलग-अलग यातायात नियमों के उल्लंघन पर ढाई लाख रुपये चालान कटे हुए थे। एक भी चालान का भुगतान पिकअप चालक ने नहीं किया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि चालानों की जुर्माना राशि का भुगतान न करने पर पिकअप वाहन को इंपाउंड किया गया है।
यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। चैकिंग के दौरान जिन वाहनों पर 90 दिनों से अधिक समय से चालान लंबित पाए जाते हैं तथा जिनकी जुर्माना राशि का भुगतान नहीं होता है, ऐसे वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। ऐसे ही एक मामले में शुक्रवार को यातायात निरीक्षक कृष्ण द्वारा अपनी टीम के साथ वाहनों की चैकिंग के दौरान एक पिकअप गाड़ी को रुकवाकर चेकिंग की गई। उसके दस्तावेजों एवं चालानों की जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि पिकअप वाहन पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के 14 चालान लंबित हैं। चालानों की जुर्माना राशि करीब ढाई लाख रुपये बकाया थी। पिकअप चालक ने बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना और नो एंट्री में वाहन को लेकर जाने का अपराध किया हुआ था। जिस पर यातायात पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए वाहन चालक के खिलाफ तो कार्रवाई की ही गई। साथ ही 90 दिनों से अधिक समय से चालान लंबित होने एवं बकाया जुर्माना राशि का भुगतान न करने पर पिकअप वाहन को इंपाउंड कर लिया गया। गाड़ी को राजीव चौक पार्किंग में खड़ा किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

