home page

कैथल: मानवता को राह दिखाती हैं संत रविदास जी की शिक्षाएं: नायब सिंह सैनी

 | 
कैथल: मानवता को राह दिखाती हैं संत रविदास जी की शिक्षाएं: नायब सिंह सैनी




कैथल, 20 अगस्त (हि.स.)। गांव जडौला में संत शिरोमणि गुरु रविदास की प्रतिमा स्थापना समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, सेवा और सामाजिक समरसता का रास्ता दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां अन्याय और भेदभाव के लिए कोई जगह न हो। उनके विचारों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने संत गुरु रविदास जनकल्याण समिति को 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक ईश्वर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी में करीब पांच एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास धाम का निर्माण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

बिना पर्ची-बिना खर्ची 2 लाख से अधिक नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है। योग्यता के आधार पर पिछले 12 वर्षों में दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की भर्ती नीति से युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों के संरक्षण के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के गठन का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत 34 लाख से अधिक मरीजों को 4,226 करोड़ रुपये के कैशलेस इलाज का लाभ मिलने की जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में समानता और भाईचारे की भावना भारतीय संत परंपरा और दर्शन से जुड़ी हुई है। मेघवाल ने कहा कि संत रविदास ऐसे समाज के पक्षधर थे, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को सम्मान मिले। उन्होंने गुरु रविदास की रचना ‘आप चंदन हम पानी’ का उल्लेख करते हुए गीत भी सुनाया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद ईश्वर सिंह ने गुरु रविदास की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा, भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुज्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक लहरी सिंह, डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन और एडीसी डॉ. सुशील कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे