अतिथि अध्यापकों को बड़ी राहत : जेबीटी-पीजीटी के मानदेय में बढ़ोतरी
-अब जेबीटी को मिलेंगे 36700 रुपये और पीजीटी को 49400 रुपये
चंडीगढ़, 08 मई (हि.स.)। नायब सरकार ने अतिथि अध्यापकों को बड़ी राहत दी है। सरकार की ओर से अतिथि अध्यापकों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से बढ़ाए गए मानदेय की अधिसूचना जारी कर दी गई है। बढ़ा हुए मानदेय पहली जुलाई से प्रभावी माना जाएगा।
अब जेबीटी अतिथि अध्यापकों का कुल मानदेय बढक़र 36,700 रुपये प्रतिमाह हो जाएगा, जबकि पीजीटी गेस्ट टीचर्स को अब 49,400 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इससे पहले जेबीटी शिक्षकों को 35,920 रुपये और पीजीटी शिक्षकों को 48,320 रुपये दिए जा रहे थे। शिक्षा विभाग ने यह बढ़ोतरी बेस रेट पर तीन प्रतिशत वृद्धि के आधार पर लागू की है।
आदेशों के अनुसार जेबीटी के 26 हजार रुपये के बेस रेट पर 3 प्रतिशत के हिसाब से 780 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पीजीटी के 36 हजार रुपये के बेस रेट पर 1080 रुपये की वृद्धि की गई है। विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गेस्ट टीचर्स का वेतन संशोधित दरों के अनुसार जारी किया जाए। शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार 1 जनवरी 2025 से पहले चरण में 2 प्रतिशत वृद्धि लागू की गई थी। उस समय जेबीटी शिक्षकों के मानदेय में 520 रुपये तथा पीजीटी शिक्षकों के मानदेय में 720 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब 1 जुलाई 2025 से इसे बढ़ाकर 3 प्रतिशत कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में लंबे समय से गेस्ट टीचर्स महंगाई और बढ़ती आर्थिक जरूरतों को देखते हुए मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

