गुरुग्राम के सदर बाजार में जीएसटी टीम ने की छापेमारी
टैक्स की चोरी कर रहे दुकानदारों से मौके पर वसूला टैक्स
गुरुग्राम, 24 फ़रवरी (हि.स.)। आबकारी एवं कराधान विभाग की गुरुग्राम नार्थ (उत्तर) जोन की टीम ने मंगलवार को सदर बाजार स्थित ज्वेलर्स की दुकानों पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत छापेमारी की। यह कार्रवाई कर अनुपालन की जांच तथा राजस्व हितों की सुरक्षा के उद्देश्य से की गई। विभागीय अधिकारियों ने दुकानों के लेखा-जोखा, बिक्री रजिस्टर, स्टॉक विवरण और कर चालानों की गहन जांच की। आबकारी एवं कराधान विभाग की डीईटीसी (डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर) शोभिनी गुप्ता के निर्देशन में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
दोनों टीमों ने एक साथ दो ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया, ताकि कार्रवाई निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। जांच के दौरान कुछ कर संबंधी विसंगतियां सामने आईं, जिनके आधार पर संबंधित व्यापारियों से मौके पर ही बकाया कर राशि जमा करवाई गई।
डीईटीसी शोभिनी गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर बाजारों में निरीक्षण अभियान चलाए जाते हैं, ताकि जीएसटी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे सभी लेन-देन का सही विवरण रखें और नियमानुसार कर जमा करें। भविष्य में भी इस प्रकार की जांच कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कर अनुपालन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पारदर्शी व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

