पलवल में सोलर ऊर्जा का बढ़ा रुझान,पांच सौ घरों में लगे पैनल
पलवल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में बिजली उपभोक्ताओं का रुझान तेजी से सोलर ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक जिले के 503 घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) पलवल के अधीक्षण अभियंता रंजन राव ने गुरुवार को बताया कि बढ़ती जागरूकता और सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के चलते लोग बिजली बचत के लिए सोलर ऊर्जा को अपना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिले में अब तक 2671 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें से 503 घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। पलवल डिवीजन में सर्वाधिक 1101 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 288 उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन जारी किए गए हैं। नूंह डिवीजन से 942 आवेदन मिले, जिनमें 114 उपभोक्ताओं को लाभ मिला है। वहीं होडल डिवीजन में 628 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 101 उपभोक्ताओं को सोलर कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले लाभार्थियों को 2 किलोवाट के सोलर पैनल पर केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। 1.80 लाख से 3 लाख रुपये तक की आय वाले लाभार्थियों को 2 किलोवाट पैनल पर 60 हजार रुपये केंद्र तथा 20 हजार रुपये राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 3 किलोवाट सोलर पैनल पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में उल्लेखनीय कमी आई है और यह योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
रंजन राव ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि सब्सिडी प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है तथा निगम की इमपैनल्ड वेंडर सूची में शामिल वेंडर से ही सोलर पैनल लगवाना होगा। स्थापना के बाद निगम द्वारा भौतिक निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण पूर्ण होने के उपरांत निर्धारित सब्सिडी राशि सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

