हिसार : विश्व स्तर पर तेजी से विकसित हो रहा प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
‘प्रिंट फ्लेम’ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी जागरूकता अभियान का शुभारंभ
हिसार, 08 मई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से विद्यार्थियों
को प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर संभावनाओं
के प्रति जागरूक करने तथा विभाग के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रिंट
फ्लेम: प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग प्रौद्योगिकी में भविष्य की करियर संभावनाएं’ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जागरूकता अभियान का शुभारंभ शुक्रवार काे विश्वविद्यालय
के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया। विभागाध्यक्ष डा. वंदना गुप्ता और विभाग
के सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. बिजेंद्र कौशिक इस कार्यक्रम के संचालक रहेंगे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस अवसर पर
कहा कि वर्तमान समय में प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग विश्व स्तर पर तेजी से विकसित
हो रहा है तथा इसमें युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं उपलब्ध
हैं। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विभाग द्वारा
प्रारंभ किए गए ‘प्रिंट फ्लेम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों
को प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग के आधुनिक स्वरूप, नई तकनीकों तथा रोजगार के अवसरों
से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे विश्वविद्यालय एवं विभाग
की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. वंदना गुप्ता ने बताया कि इस
अभियान के अंतर्गत विभाग के इच्छुक शिक्षक देशभर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों
एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों को प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग प्रौद्योगिकी
के महत्व, पाठ्यक्रमों, आधुनिक तकनीकों तथा उद्योग में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं के
बारे में जानकारी देंगे। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र,
प्रस्तुतियां, तकनीकी प्रदर्शनियां तथा विभाग एवं विश्वविद्यालय के ब्रोशर आदि भी वितरित
किए जाएंगे।
डा. वंदना गुप्ता ने बताया कि प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग
उद्योग आज भारत के सबसे तेजी से विकसित होने वाले उद्योगों में शामिल है, जहां समाचार
पत्र, पुस्तक प्रकाशन, डिजिटल प्रिंटिंग, लेबल एवं फ्लेक्सिबल पैकेजिंग, कार्टन उद्योग,
ब्रांडिंग, विज्ञापन तथा मल्टीमीडिया क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की निरंतर मांग
बनी हुई है। विभाग के सोशल मीडिया एवं प्रवेश समन्वयक डॉ.
बिजेंद्र कौशिक ने बताया कि ‘प्रिंट फ्लेम’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों
को विभाग में उपलब्ध अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षण
सुविधाओं तथा प्लेसमेंट अवसरों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक
विद्यार्थी इस क्षेत्र से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
‘प्रिंट फ्लेम’ किसी भी प्रिंटिंग शिक्षण संस्थान द्वारा देश
भर में पहला ऐसा माध्यम है जो स्कूल, पॉलीटेक्निक, कॉलेज और गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को जोड़ने का काम करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

