home page

यमुनानगर:अभिनंदन समारोह में डॉ. अर्चना गुप्ता का आह्वान, संगठन विस्तार और जनसेवा को दें नई गति

 | 
यमुनानगर:अभिनंदन समारोह में डॉ. अर्चना गुप्ता का आह्वान, संगठन विस्तार और जनसेवा को दें नई गति


यमुनानगर, 13 जून (हि.स.) हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को यमुनानगर-जगाधरी में आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन चुनावों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वर्षभर समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन की मजबूती के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित है। यमुनानगर पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को विकास, सुशासन और जनकल्याण का कालखंड बताते हुए कहा कि स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, खेलो इंडिया और कौशल विकास कार्यक्रमों ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। आज का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाया है। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वृद्धावस्था पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शीर्ष नेतृत्व। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया। डॉ. गुप्ता ने पंजाब का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जनता भी विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी नीतियों की अपेक्षा रखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। समारोह में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, जिला अध्यक्ष राजेश सपरा सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार