यमुनानगर:अनाज मंडी पहुंचे कृषि मंत्री, खरीद व्यवस्था का लिया जायजा
यमुनानगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शुक्रवार को यमुनानगर के खंड व्यासपुर अनाज मंडी का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंडी पहुंचने पर स्थानीय प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री का स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने मार्केट कमेटी कार्यालय में बैठक कर आढ़तियों एवं किसानों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र निपटाने का आश्वासन दिया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार फसल खरीद को लेकर पूरी तरह तैयार है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी में आने वाली प्रत्येक फसल की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बदलते मौसम के मद्देनजर किसानों को अपनी उपज के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। बैठक के दौरान आढ़तियों ने मंडी से जुड़ी कई समस्याएं उठाईं।
इनमें सीवरेज व्यवस्था में सुधार, फसल उठान में तेजी, कुछ स्थानों पर जलभराव की समस्या और मंडी क्षेत्र के विस्तार की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा एक खरीद केंद्र के पास फड़ की ऊंचाई बढ़ाने तथा आसपास के क्षेत्र को उप-यार्ड घोषित करने की भी मांग रखी गई। कृषि मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि शेष मांगों पर भी गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और आढ़तियों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

