इंडरी में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, आफताब अहमद ने भाजपा पर साधा निशाना।
नूंह, 20 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के इंडरी में कांग्रेस पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। रविवार काे आयाेजित सम्मेलन में नूंह विधायक आफताब अहमद का पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाहिदा खान, महताब अहमद, पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी हाजी अख्तर खान सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नूंह विधायक आफताब अहमद ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार प्रदेश के 180 ब्लॉकों में नए ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकारिणियों का गठन किया गया है। इसी क्रम में इंद्री में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और भाजपा सरकार की नीतियों के बारे में लोगों को जानकारी देने का आह्वान किया।
आफताब अहमद ने हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में शिक्षकों के वेतन और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर स्थिति चिंताजनक है। विधायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार के समय गांव की करीब पांच एकड़ भूमि में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किया गया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अब कॉलेज की बदहाली के लिए सवाल उठाने वाले लोग पहले कहां थे।
आफताब अहमद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सरकार के कार्यकाल से लेकर विधानसभा के विभिन्न सत्रों में उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज का मुद्दा कई बार उठाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा वक्फ बोर्ड के अधीन इस इंजीनियरिंग कॉलेज को बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में होम सेक्रेटरी से बातचीत हो चुकी है और आने वाले समय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी।
यासीन मेव डिग्री कॉलेज को लेकर भी उठाए सवाल
आफताब अहमद ने यासीन मेव डिग्री कॉलेज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह संस्थान आज विश्वविद्यालय के स्तर तक पहुंच जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यासीन मेव डिग्री कॉलेज के बाद स्थापित अल-फलाह संस्थान आज विश्वविद्यालय बन चुका है, जबकि यासीन मेव डिग्री कॉलेज बदहाली का सामना कर रहा है।
उन्होंने जाकिर हुसैन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग खुद संस्थानों की स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने काम का जवाब देना चाहिए। आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि इलाके के युवाओं की शिक्षा से जुड़े संस्थानों को लेकर सही तरीके से काम नहीं किया जा रहा है। सम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

