home page

सिरसा: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समाधान निकाले सरकार: सैलजा

 | 
सिरसा: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का समाधान निकाले सरकार: सैलजा


सिरसा, 11 मई (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर गंभीर नहीं है। हड़ताल के कारण हरियाणा के शहर कूड़े के ढेर में तब्दील हो गए। शहरों में फैली गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है, लेकिन सरकार अभी तक संवेदनशीलता के साथ समाधान निकालने में असफल रही है।

सांसद कुमारी सैलजा ने सोमवार को जारी बयान में कहा है कि प्रदेश के अनेक शहरों में पिछले लगभग 11 दिनों से सफाई कार्य प्रभावित होने के कारण बाजारों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढेर लग चुके हैं, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सैलजा ने कहा कि गुरुग्राम जैसे अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर में हजारों टन कचरा सडक़ों पर पड़ा होना सरकार और प्रशासन की विफलता को उजागर करता है।

भारी टैक्स देने वाले नागरिकों को यदि साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधा भी न मिले, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि शहरों में फैली गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है, लेकिन सरकार अभी तक संवेदनशीलता के साथ समाधान निकालने में असफल रही है। ठेका प्रथा, नियमितीकरण, बकाया वेतन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद ही समाधान का। रास्ता होता है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही। सांसद सैैलजा ने हरियाणा सरकार से मांग की कि वह तुरंत सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर समाधान निकाले ताकि आम जनता को राहत मिल सके और शहरों में सफाई व्यवस्था सामान्य हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma