home page

हांसी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, समरसता अभियान से रोजगार तक रखी सरकार की योजनाएं

 | 
हांसी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, समरसता अभियान से रोजगार तक रखी सरकार की योजनाएं


गुरु रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान का जिक्र, स्वास्थ्य-शिक्षा के

विस्तार और बिना पर्ची-बिना खर्ची भर्ती प्रक्रिया का किया दावा

हांसी, 08 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा है

कि पार्टी संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समरसता संकल्प अभियान के रूप

में मना रही है। पांच चरणों में आयोजित किए जा रहे इस अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हुई थी। उन्होंने बताया कि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी

से पवित्र मिट्टी 134 कलशों में देश के विभिन्न हिस्सों में भेजी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शनिवार को हांसी में पत्रकारों से बातचीत

कर रही थीं। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनकल्याणकारी

योजनाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश

उत्सव के तहत चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार,

कौशल विकास और सामाजिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों और कार्यों को

सामने रखा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पवित्र मिट्टी को सबसे पहले गुरुग्राम स्थित

शीतला माता मंदिर में स्थापित किया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 27 जिला

अध्यक्षों को कलश सौंपे। अब इन कलशों को प्रदेश के गांव-गांव और मंदिरों तक पहुंचाया

जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सामाजिक समरसता, भाईचारे और सद्भावना

का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। समाज में कोई व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं है तथा राष्ट्र

निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन और सरकार के स्तर पर अनुसूचित जाति समाज

के छात्रावासों और बस्तियों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का

लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतिम चरण में

जालंधर से वाराणसी तक विशाल समरसता यात्रा आयोजित की जाएगी।

अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा ही संगठन के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए हरियाणा

भाजपा नया डिजिटल पोर्टल शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से डॉक्टरों सहित विभिन्न

क्षेत्रों के पेशेवर और प्रबुद्ध नागरिक मिस्ड कॉल के जरिए संगठन से जुड़ सकेंगे। पोर्टल

पर लोगों को उनकी रुचि के अनुसार सामाजिक कार्यों से जोड़ने के लिए वृक्षारोपण, जल

संरक्षण, दिव्यांग बच्चों की सहायता सहित करीब 15 से 20 सामाजिक सेवा क्षेत्रों के

विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु,

विधायक विनोद भयाना, पूर्व राज्यसभा सांसद जनरल डीपी वत्स व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक

सैनी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर