हिसार : जनसंवाद में डॉ. कमल गुप्ता ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों से कराया समाधान
एसआईआर अभियान में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों के सत्यापन
का दिया आह्वान
हिसार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय में पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक
उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं
और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से तुरंत संपर्क किया। कई मामलों का मौके
पर ही निस्तारण कराया गया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान को
लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. कमल गुप्ता ने गुरुवार काे कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व
में पारदर्शी, जवाबदेह और जनकल्याणकारी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासनिक अधिकारियों
को जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने
कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी
बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद
कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा पात्र
लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याएं बिना
किसी संकोच के पार्टी मंच पर रखने का आह्वान किया, ताकि संबंधित विभागों से संपर्क
कर उनका त्वरित समाधान कराया जा सके।
एसआईआर अभियान का उल्लेख करते हुए डॉ. कमल गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से
प्रत्येक बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूचियों का गंभीरता से सत्यापन करने को कहा। उन्होंने
कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने, मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को ठीक कराने
और अपात्र नाम हटवाने के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित
किया जाए। उन्होंने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का
आधार है तथा इस अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के
लिए डॉ. कमल गुप्ता का आभार जताया। इस अवसर पर सुरेश गोयल धूप वाला, रामचंद्र गुप्ता,
अशोक मित्तल, अनुज जैन, धर्म सिंह खटकड़, बलबीर भूम्बक, प्रोमिला पूनिया, सतपाल शर्मा,
डॉ. उमेद खन्ना, मुनीश एलावादी, सविता कपूर, सतीश महत्ता और सतीश जांगड़ा सहित अन्य
कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

