home page

सोनीपत: दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार

 | 

सोनीपत, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले

के थाना बरोदा क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों को अगवा कर दुष्कर्म करने के मामले

में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गांव माहरा, जिला सोनीपत

के निवासी हैं। पुलिस ने बुधवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत

में जेल भेज दिया।

घटना

के संबंध में छह अप्रैल 2026 को एक महिला ने थाना बरोदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि

उसकी दो नाबालिग बेटियों को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया। शिकायत के आधार पर मामला

दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना गोहाना की प्रभारी

महिला निरीक्षक परमजीत कौर ने टीम गठित कर खोजबीन तेज की।

पुलिस

टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। न्यायालय

के आदेशानुसार लड़कियों के मजिस्ट्रेट के सामने ब्यान दर्ज कराए गए तथा महिला विशेषज्ञ

और विधिक सहायता टीम से परामर्श दिलाया गया। पीड़िताओं के बयान के आधार पर मुकदमे में

पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने

मामले में संलिप्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त

मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया,

जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस का कहना है कि

मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना