हिसार में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवती की मौत
हिसार, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के कस्बा अग्रोहा
के पास हुए हादसे में एक युवती की मौत हो गई। युवती अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन
के लिए जा रही थी कि यह हादसा हाे गया।
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के बलिया जिले
के काजीपुर जनपद के गांव चंदायर निवासी कंचन मौर्या अपने परिजनों के साथ अग्रोहा मंदिर
में दर्शन करने आई हुई थी। शनिवार को वह अपनी भाभी निशु वर्मा और पड़ोसी राखी घोष के
साथ मंदिर की ओर जा रही थी। जब वे अग्रोहा में एचडीएफसी बैंक के नजदीक सड़क पार कर
रहे थे तो एक तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे वाहन ने कंचन मौर्या को जोरदार टक्कर
मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंचन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे
के तुरंत बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों
ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अग्रोहा पुलिस मौके
पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका की
भाभी अग्रोहा निवासी निशु वर्मा की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच
शुरू कर दी है। निशु वर्मा ने बताया कि उसके पति मोहित मौर्या फतेहाबाद जिले के गोरखपुर
गांव में नौकरी करते हैं। वे परिवार सहित श्रद्धा भाव से अग्रोहा मंदिर में दर्शन के
लिए आए थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

