हिसार : नगर निगम में विवाह पंजीकरण प्रक्रिया सरल, ऑनलाइन आवेदन से मिल रहा जल्द प्रमाण पत्र
हिसार, 18 मार्च (हि.स.)। नगर निगम में विवाह
पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किया जा
रहा है। इसके तहत नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विवाह पंजीकरण
के आवेदक दो प्रक्रियाओं के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पहली प्रक्रिया में आवेदक माता-पिता के आधार
कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर आवेदन करता है। इसके बाद
सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए जाते हैं, जिनका सत्यापन भी ऑनलाइन ही किया जाता
है। यदि दस्तावेज सही पाए जाते हैं जल्द से जल्द विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी कर
दिया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत आवेदन करने के लिए यह आवश्यक है कि वर-वधु हरियाणा
के स्थायी निवासी हों और उनके माता-पिता जीवित हों और दोनों परिवारों का परिवार पहचान
पत्र बना हो।
दूसरी प्रक्रिया में आवेदक ऑनलाइन आवेदन करने
के बाद स्वयं दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन के लिए तारीख तय करता है और निर्धारित समय
पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाता है। सत्यापन के बाद
प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कर दिया जाता है। जहां पर विवाह का पंजीकरण करवाया जा रहा है,
उस क्षेत्र का वर-वधु में से एक का स्थाई निवासी होना आवश्यक है या उनका विवाह स्थल
उस क्षेत्र का होना चाहिए।
दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान फैमिली आईडी
और अन्य दस्तावेजों में डेटा मिसमैच एक बड़ी समस्या बनकर सामने आ रही है। कई मामलों
में नाम, जन्म तिथि और माता-पिता के नाम में अंतर होने से सत्यापन प्रक्रिया प्रभावित
होती है। विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र का उपयोग पासपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों
के लिए किया जाता है, इसलिए सभी दस्तावेजों का सही और एक समान होना आवश्यक है। नगर
निगम ने नागरिकों से आवेदन से पहले दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है, ताकि समय
पर प्रमाण पत्र प्राप्त हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

