हिसार पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार लोगों के लाखों रुपये वापस दिलवाए
पैसे वापिस मिलने पर पीड़ितों ने जताया पुलिस का आभार
हिसार, 08 मई (हि.स.)। जिला पुलिस ने साइबर ठगी के दो अलग—अलग मामलों में पीड़ितों
के 10 लाख से अधिक रुपये वापिस दिलवाएं हैं। पैसे वापिस मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए
पीड़ितों ने पुलिस का आभार जताया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी सतेंदर सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि पीएसआई सौरव बंसल ने ऑनलाइन
धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ठगी के शिकार हुए एक व्यक्ति की पूरी
राशि वापस दिलवाई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते पीड़ित को उसके 9 लाख 80 हजार
रुपये वापस मिल गए। पुलिस के अनुसार हिसार के मॉडल टाउन निवासी राकेश गोयल के साथ
गिफ्ट वाउचर खरीदने के नाम पर 9.80 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई थी। ठगी का अहसास
होने पर पीड़ित ने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत
मिलते ही साइबर थाना टीम ने तकनीकी अनुसंधान और बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित
कर ठगी गई राशि को फ्रीज करवाया। कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट के नियमों के अनुसार सुपरदारी
की प्रक्रिया को पूरा करते हुए, यह पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस सुरक्षित पहुंचा
दी गई।
अपनी खोई हुई राशि वापस पाने के बाद, राकेश गोयल ने साइबर क्राइम थाना पहुंचकर
पुलिस का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखित रूप से अवगत कराया कि वे पुलिस की कार्रवाई
से पूरी तरह संतुष्ट हैं और अब इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
अन्य व्यक्ति के 1 लाख 41 हजार रुपये आदमपुर पुलिस ने करवाए वापस
इसी तरह दूसरे मामले में आदमपुर पुलिस ने एक पीड़ित व्यक्ति के साइबर ठगी
में गंवाए हुए पैसे वापस दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। थाना आदमपुर प्रभारी
डीएसपी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में उप-निरीक्षक हरिओम ने एक साइबर धोखाधड़ी की शिकायत
पर तत्परता से काम किया। शिकायत के अनुसार मल्लापुर गांव निवासी सीताराम के साथ 1 लाख
41 हजार की साइबर ठगी हुई थी। पुलिस टीम ने मामले की गहराई से जांच करते हुए तकनीकी
साक्ष्यों के आधार पर तकनीकी अनुसंधान और बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ठगी
गई राशि को ट्रैक किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया
पूरी करते हुए पुलिस ने सीताराम के 1 लाख 41 हजार उसके बैंक खाते में वापस करवा दिए
हैं।
अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर सीताराम ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया
है। उन्होंने लिखित में बताया कि वे पुलिस की इस त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई से पूरी
तरह संतुष्ट हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

