home page

यमुनानगर: उपायुक्त ने कहा,जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से दूर रहें

 | 
यमुनानगर: उपायुक्त ने कहा,जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से दूर रहें


यमुनानगर, 07 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपायुक्त प्रीति की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों और एजेंसियों से विस्तृत जानकारी ली गई। बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि विभिन्न गैस कंपनियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही व्यावसायिक उपयोग के लिए भी गैस की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है, जिससे उद्योगों और व्यवसायों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा।

उपायुक्त ने कहा कि शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां के उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने एलपीजी कनेक्शन एजेंसियों में जमा कर दें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था और अधिक संतुलित हो सके। प्रशासन के अनुसार पिछले एक सप्ताह में हजारों घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है, जबकि पीएनजी कनेक्शन धारकों को भी नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

इससे स्पष्ट है कि जिले में गैस वितरण प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उपायुक्त ने आम नागरिकों और श्रमिक वर्ग से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। प्रशासन द्वारा सभी उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर बाधा उत्पन्न न होने दी जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार