home page

यमुनानगर : कूड़ा उठान बाधित होने पर भड़के सेक्टरवासी, भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

 | 
यमुनानगर : कूड़ा उठान बाधित होने पर भड़के सेक्टरवासी, भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन


यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर के सेक्टर-17 में पिछले कई दिनों से कूड़ा उठान प्रभावित होने के कारण स्थानीय निवासियों का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर नजर आया। नाराज लोगों ने कचरे से भरी रेहड़ियां लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। स्थिति को देखते हुए कार्यालय के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र से नियमित कूड़ा उठान न होने के कारण घरों और गलियों में गंदगी के ढेर लग गए हैं। बदबू और अस्वच्छ वातावरण के चलते आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि नगर निगम की ओर से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुचारु नहीं है, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले सेक्टर में वेल्फेयर एसोसिएशन के माध्यम से घर-घर से कचरा एकत्रित किया जाता था, जिससे व्यवस्था संतुलित रहती थी।

वर्तमान में नई प्रणाली लागू होने के बाद नियमितता में कमी आई है और लोगों को स्वयं कचरा निर्धारित स्थान तक ले जाना पड़ रहा है, जो विशेषकर बुजुर्गों के लिए कठिन है। निवासियों ने यह भी कहा कि कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था का सही क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। उनका मानना है कि घर-घर अलगाव के बजाय यह प्रक्रिया निर्धारित केंद्रों पर की जानी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। कुछ समय के लिए व्यवस्था सुधरती है, लेकिन फिर स्थिति पहले जैसी हो जाती है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कूड़ा उठान की नियमित व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार