home page

कैथल : पुलिस सुरक्षा में जेसीबी व डंपर से कराई सफाई, विरोध करने वाले कर्मचारी हिरासत में लिए

 | 
कैथल : पुलिस सुरक्षा में जेसीबी व डंपर से कराई सफाई, विरोध करने वाले कर्मचारी हिरासत में लिए


कैथल : पुलिस सुरक्षा में जेसीबी व डंपर से कराई सफाई, विरोध करने वाले कर्मचारी हिरासत में लिए


कैथल : पुलिस सुरक्षा में जेसीबी व डंपर से कराई सफाई, विरोध करने वाले कर्मचारी हिरासत में लिए


कैथल, 02 सितंबर (हि.स.) शहर में सफाई कर्मचारियों की करीब 28 दिन से जारी हड़ताल के कारण सड़कों पर जमा कचरे के ढेर से लोगों को हो रही परेशानी के बीच बुधवार को प्रशासन ने सड़कों से कचरा उठवाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस सुरक्षा के बीच नगर परिषद की टीम ने जेसीबी, डंपर और अन्य वाहनों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर जमा कचरे को उठवाया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों के एक समूह ने कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचा दिया। तब तक वहीं रखा, जब तक शहर की सड़कों से कूड़ा नहीं उठा लिया गया

शहर में लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण कई प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। इससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी के साथ दुर्गंध का भी सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों को राहत देने के लिए अब सड़कों पर जमा कचरे का उठान शुरू कराया गया है। नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में सफाई प्रभावित है। लोगों को बीमारियों से बचाने और शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से कचरा उठवाया जा रहा है। प्रत्येक कचरा प्वाइंट पर पुलिस की मौजूदगी में सफाई करवाई जा रही है। बुधवार को ढांडा रोड, करनाल रोड और अंबाला रोड पर सफाई अभियान चलाया गया। अन्य स्थानों पर भी जल्द कचरा उठवाने की बात कही गई है।

विरोध करने पहुंचे कर्मचारी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कचरा उठाने की कार्रवाई के दौरान कुछ सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। कर्मचारियों ने कचरा उठाने वाले वाहनों को रोकने और कुछ वाहनों को वहां से निकालने का प्रयास भी किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस ने विरोध कर रहे कर्मचारियों को पकड़कर पुलिस लाइन पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घरों का कचरा खुले में न डालने की अपील

नगर परिषद प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे घरों का कचरा खुले में सड़कों पर न डालें, बल्कि उसे डस्टबिन में एकत्रित करें और कचरा उठाने वाली गाड़ी में ही डालें। प्रशासन का कहना है कि सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद शहर में बीमारी और संक्रमण का खतरा न बढ़े, इसके लिए उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से कचरा उठाने का काम जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे