कैथल: सफाई कर्मियों की हड़ताल से सड़कों पर कचरा, जगह-जगह लगाई जा रही आग
कैथल, 27 अगस्त (हि.स.)। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब शहरों की सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। नगर परिषद और नगर पालिकाओं में सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। कई स्थानों पर कचरा सड़कों तक फैल गया है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कचरा उठान नहीं होने के कारण अब लोग इसमें आग भी लगाने लगे हैं। वीरवार सुबह खनौरी बाइपास पर दो स्थानों पर कचरे में आग लगाए जाने का मामला सामने आया।
छह अगस्त से चल रही हड़ताल के कारण कैथल शहर के साथ-साथ पूंडरी, कलायत, राजौंद, सीवन और गुहला-चीका में करीब 1500 टन कचरा जमा हो चुका है। कई मुख्य मार्गों और रिहायशी क्षेत्रों में कचरा बिखरा होने के कारण लोगों को दुर्गंध और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सड़कों पर फैले कचरे में गोवंश भी मुंह मार रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। करनाल रोड, ढांड रोड, पटियाला रोड, पुराना बस अड्डा रोड, जींद रोड, मॉडल टाउन, सेक्टर 19, 20 व 21, विश्वकर्मा चौक, न्यू करनाल रोड, राम नगर, कबूतर चौक, सब्जी मंडी रोड, रेलवे गेट, जनकपुरी कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, शक्ति नगर, प्रताप गेट और रामलीला मैदान के आसपास कचरा जमा है। कई जगह कचरा सड़क के किनारे से निकलकर रास्ते तक पहुंच गया है। लोगों को मुंह पर कपड़ा रखकर निकलना पड़ रहा है।
हड़ताल का असर केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है। नगर परिषद और नगर पालिकाओं के कार्यालय बंद रहने के कारण विकास कार्यों से जुड़े काम भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियां ठीक करवाने, प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों समेत नगर परिषद व पालिका के कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखा हुआ है। कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय में 24 घंटे का धरना शुरू किया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
जिला पालिका आयुक्त कपिल शर्मा ने गुरुवार काे बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कचरा जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए कचरा उठान के लिए प्लानिंग तैयार की जाएगी। इस संबंध में सभी नगर परिषद के ईओ और नगर पालिकाओं के सचिवों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कचरे में आग न लगाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

