home page

हिसार : विद्यार्थी ज्ञान के साथ चरित्र निर्माण और समाज के प्रति दायित्व निभाएं : प्रो. बीआर कम्बोज

 | 
हिसार : विद्यार्थी ज्ञान के साथ चरित्र निर्माण और समाज के प्रति दायित्व निभाएं : प्रो. बीआर कम्बोज


हकृवि में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का भव्य समापन, विभाजन विभीषिका पर लघु नाटिका ने किया भावुक

हिसार, 18 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का समापन समारोह देशभक्ति

और राष्ट्रप्रेम के माहौल में हुआ। छात्र कल्याण निदेशालय की ओर से मौलिक विज्ञान एवं

मानविकी महाविद्यालय में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज

ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि किसी

घर की छत पर लहराता तिरंगा महज कपड़े का ध्वज नहीं, बल्कि देश के प्रति गौरव, समर्पण

और जिम्मेदारी का प्रतीक है। तिरंगे का केसरिया रंग त्याग और साहस, सफेद सत्य एवं शांति

तथा हरा रंग विकास और समृद्धि का संदेश देता है, जबकि अशोक चक्र निरंतर कर्म करते हुए

राष्ट्र को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देश के करोड़ों

नागरिकों को राष्ट्रप्रेम और एकता के सूत्र में जोड़ने का काम किया है। अभियान की वास्तविक

सफलता तभी मानी जाएगी, जब तिरंगे का सम्मान हमारे घरों से उतरने के बाद भी हमारे विचारों,

व्यवहार और कर्मों में हमेशा ऊंचा बना रहे।

कुलपति ने कहा कि विद्यार्थी केवल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी नहीं, बल्कि

देश के भविष्य के निर्माता हैं और उनके हाथों में भारत की आने वाली तस्वीर है। इसलिए

उनका प्रत्येक सकारात्मक कदम राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने

विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में तीन बातों को हमेशा याद रखें—ज्ञान प्राप्त करें,

चरित्र का निर्माण करें और समाज के प्रति अपना दायित्व निभाएं।

कार्यक्रम में छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन खीचड़ ने स्वागत भाषण दिया, जबकि

सह छात्र कल्याण निदेशक डॉ. प्रदीप चहल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। मंच का

संचालन छात्र रितिक ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के

अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर