यमुनानगर : जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से दूर रहने की अपील
यमुनानगर, 01 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी आवश्यक ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त प्रीति ने बताया कि जिले में गैस एजेंसियों द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। बुकिंग के बाद दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें और अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित न करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण अनावश्यक दबाव उत्पन्न होता है, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसलिए आमजन किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। उपायुक्त ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग पर भी बल दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पीएनजी गैस, इंडक्शन चूल्हे और सौर ऊर्जा आधारित कुकिंग सिस्टम अपनाने का आग्रह किया, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो और सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति मिल सके।
जनसुविधा के लिए उपायुक्त कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक दूरभाष नंबर 01732-237800 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है। इस पर निगरानी के लिए जिले में सात टीमें सक्रिय हैं, जो लगातार निरीक्षण कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर सिलेंडर जब्त किए जाने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

