सोनीपत पुलिस ने लाखों की ठगी के आरोपी मध्य प्रदेश से पकड़े
सोनीपत, 28 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने बैंक खाते से छह लाख 62 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह
का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के मुरैना से दो आरोपियों को गिरफ्तार
किया। ठगी की रकम में से दो लाख उनचास हजार रुपये बैंक खातों में होल्ड करवाए गए और
तीन हजार रुपये नगद बरामद हुए। मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल
भेज दिया गया।
थाना
साइबर सोनीपत की टीम ने यह सफलता हासिल की। टीम का नेतृत्व प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार
ने किया। टीम में सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र, सिपाही
विनय और मुख्य सिपाही विनोद शामिल रहे।
सोनीपत
निवासी एक महिला ने साइबर थाना में शिकायत दी। महिला बैंक में पांच लाख रुपये का आरटीजीएस
कराने पहुंची तो खाते में मात्र 43 हजार 168 रुपये पाए गए। जांच के लिए बैंक विवरण
निकलवाया गया, जिसमें खाते से अलग-अलग लेनदेन सामने आए जो महिला ने नहीं किए थे।
महिला
ने 24 जुलाई 2025 को नया आई फोन खरीदा था। उसी फोन में ईमेल आईडी और बैंक से जुड़ा
मोबाइल नम्बर इस्तेमाल हो रहा था। 12 अगस्त से 17 अगस्त के बीच खाते से छह लाख 62 हजार
रुपये निकल गए। जांच में पता चला कि फर्जी वेबसाइट और फर्जी दस्तावेजों के जरिए साइबर
ठगी की गई। इस पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस
टीम ने जांच के आधार पर मुरैना निवासी तारा
सिंह व मुरैना निवासी राहुल दोनों आरोपियों को मुरैना से गिरफ्तार किया। ठगी की रकम
में से दो लाख 49 हजार रुपये बैंक खातों में होल्ड कराए गए और तीन हजार रुपये नगद बरामद
हुए। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सोनीपत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा
न करें। निवेश या ट्रेडिंग के प्रस्तावों की पहले जांच करें और केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म
का उपयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

