home page

नूंह: 4.15 करोड़ की हेरोइन बरामदगी मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार

 | 
नूंह: 4.15 करोड़ की हेरोइन बरामदगी मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार


नूंह, 24 अक्टूबर (हि.स.)। करीब 4.15 करोड़ रुपये कीमत की 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में नूंह पुलिस को एक और कामयाबी मिली है। अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईए) तावडू ने मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार काे चौथे आरोपी समीम उर्फ काला निवासी नानुका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड की मांग की है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की सप्लाई के स्रोत, तस्करी नेटवर्क और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 19 सितंबर को सीआईए तावडू की टीम ने रंगाला घाटी के पास कार्रवाई करते हुए एक काली क्रेटा गाड़ी से 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस दौरान पुलिस ने अरबाज निवासी नानुका और सलीम निवासी खेड़ी को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच आगे बढ़ने पर जाहिद निवासी पडली को भी गिरफ्तार किया गया। अब 23 अक्टूबर को समीम उर्फ काला की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में समीम उर्फ काला ने एक नशा तस्कर से 100 ग्राम हेरोइन खरीदने की बात बताई है। पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर उक्त हेरोइन बरामद करने और संबंधित नशा तस्कर को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा आरोपी से नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों और ठिकानों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।

विदेशी नागरिकों की भूमिका की भी जांच

पुलिस जांच में इस मामले में विदेशी नागरिकों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू सहित नशे की सप्लाई और वितरण से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में चार से पांच अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है। सीआईए तावडू की टीम मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया