home page

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, दो गंभीर

 | 

नूंह, 13 जून (हि.स.)। नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के बघौला गांव के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयशर कैंटर खड़ा था। सुबह करीब 6:35 बजे तेज रफ्तार अल्काजार कार उसके पिछले हिस्से से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे में पुलिस के अनुसार, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में मां पूनम जादोन (37 वर्ष), दो बेटियों खुशी (16 वर्ष), डुग्गी (12 वर्ष) और केशव (26 वर्ष) शामिल हैं। वहीं हादसे में एक बच्चा अक्षय और उसका पिता जवाहर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि आयशर कैंटर एक्सप्रेस-वे पर किन परिस्थितियों में खड़ा था तथा क्या चालक द्वारा आवश्यक सुरक्षा मानकों और चेतावनी संकेतों का पालन किया गया था। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और खड़े वाहन से टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सड़क सुरक्षा और खड़े वाहनों के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया