home page

नूंह में लेट हुए नीट परीक्षार्थियों को राइडर व ईआरवी गाड़ियों ने परीक्षा केंद्र पहुंचाया

 | 
नूंह में लेट हुए नीट परीक्षार्थियों को राइडर व ईआरवी गाड़ियों ने परीक्षा केंद्र पहुंचाया


नूंह, 21 जून (हि.स.)। नूंह जिले में रविवार को नीट परीक्षा के दौरान पुलिस व सिविल प्रशासन ने अहम भूमिका निभाते हुए परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचाया।परीक्षा के लिए जिले में चार परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दो परीक्षा केंद्रों के नाम आपस में काफी मिलते-जुलते होने के कारण कई परीक्षार्थी भ्रमित होकर गलत केंद्र पर पहुंच गए। ऐसे में नूंह पुलिस द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए तैनात की गई राइडर एवं ईआरवी गाड़ियों पर तैनात पुलिस टीमों ने सराहनीय भूमिका निभाते हुए अभ्यर्थियों को समय रहते सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।

पुलिस प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी अनुसार गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल गांधी पार्क के लगभग आठ परीक्षार्थी गलती से गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पानी की टंकी के पास स्थित केंद्र पर पहुंच गए थे। वहीं पानी की टंकी के निकट स्थित केंद्र पर पहुंचे करीब 35 से 40 परीक्षार्थियों को भी उनके वास्तविक परीक्षा केंद्र गांधी पार्क स्थित विद्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। पुलिस राइडर की सहायता से सभी अभ्यर्थियों को समय रहते उनके निर्धारित केंद्रों पर नूंह पुलिस के वाहनों से पहुंचाया गया, जिससे वे परीक्षा में समय पर शामिल हो सके।

इस प्रकार सभी परीक्षार्थियों को पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाकर नूंह पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और प्रशासनिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है । पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ० अर्पित जैन के अनुसार परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा और समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस राइडर एवं अन्य पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सक्रिय रखा गया था। उनकी तत्परता के कारण किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित नहीं होना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया