सिरसा: हेरोइन व चूरापोस्त सहित चार तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 06 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी प्रताप, मोहित कुमार, पवन व अशोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ढाणी जोगा सिंह क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से करीब 16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रताप के रूप में हुई।
इसके अलावा डबवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डेढ़ किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहित कुमार के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने अफीम तस्करी मामले में वांछित मुख्य तस्कर पवन को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अनाज मंडी डबवाली क्षेत्र से स्कूटी सवार आरोपी अनिल को 266 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पवन ने चूरापोस्त सप्लाई किया था।
एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस ने लाखों रुपये की 23 किलोग्राम चूरापोस्त तस्करी मामले में वांछित आरोपी अशोक कुमार को राजस्थान के जिला अजमेर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर चूरापोस्त बरामद किया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अशोक कुमार ने चूरापोस्त सप्लाई किया था, जिस पर आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ भी सिविल लाइन थाना सिरसा में मामला दर्ज किय गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

