home page

सिरसा: चार नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 
सिरसा: चार नशा तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 28 जून (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से चार तस्करों को गिरफ्तार कर चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी कमलेश, गुरलाल सिंह, विष्णु व भीमा सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सीआईए डबवाली पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव अहमदपुर दारेवाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और तलाशी ली तो उसके कब्जे से साढ़े सात किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान कमलेश के रूप में हुई।

इसके अलावा पुलिस ने गांव केवल क्षेत्र से आरोपी गुरलाल सिंह को दो किलोग्राम चूरापोस्त सहित दबोचा है। सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर गांव पन्नीवाला मोरिका से एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को काबू कर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विष्णु के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे भीमा सिंह ने हेरोइन सप्लाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सप्लायर भीमा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma