हिसार की सड़काें पर फैला 1600 टन कचरा, सफाई कर्मचारी हड़ताल पर
सफाई कर्मियों की हड़ताल से बिगड़ी प्यारे हिसार की सूरत
कचरे से अटे बाजार और सड़कें, फैल रही बदबू और गंदगी
हिसार, 08 मई (हि.स.)। पिछले एक सप्ताह से हड़ताल करके अपनी मांगे उठा रहे
नगरपालिका कर्मचारियों ने आठवें दिन शुक्रवार को आंदोलन तेज कर दिया। इसी कड़ी में
उन्होंने नगर निगम कार्यालय से पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के आवास तक थाली बजाते
हुए प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। हड़ताल के आठवें दिन इन कर्मचारियों को विभिन्न
पार्टियों का समर्थन मिला और उनकी मांगों को जायज बताया। उधर, लगातार चल रही हड़ताल
से शहर के हालात बदतर होने लगे हैं और जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर अब बड़े होने लगे हैं।
नगरपालिका कर्मचारियों की आठवें दिन की हड़ताल की अध्यक्षता प्रधान सुरेंद्र
उर्फ गोलू ने की जबकि जिला प्रधान सन्नी सारसर ने संचालन किया। हड़ताली कर्मचारियों
को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी आठ दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी
आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि
जब मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए
कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही हमारी मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया तो आंदोलन
और तेज होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान कर्मचारियों
ने थाली बजाकर रोष प्रदर्शन कर सरकार को मांगों व हकों के लिए जगाने का प्रयास किया।
कर्मचारियों की मांगे जायज : किरमारा
हड़ताल को समर्थन देने पहुंचे इनेलो के प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने नगर निगम
में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों की मांगों को तुरंत
पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिद्द के चलते न केवल इन कर्मचारियों
के प्रति संवेदनहीनता बरत रही है बल्कि शहरों की सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। सफाई कर्मचारी पिछले काफी समय
से अपनी मांगे उठा रहे थे लेकिन सरकार एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा उनके लगातार अनदेखा
किया गया, जिसके चलते इन कर्मचारियों को मजबूर होकर हड़ताल पर जाना पड़ा।
मांगों को पूरा करे सरकार : अनिल बालकिया
विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों द्वारा सात दिनों से की जा रही हड़ताल
का जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने समर्थन किया है। पार्टी संगठन के निर्देशानुसार पार्टी
के जिलाध्यक्ष अनिल बालकिया ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम
में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को पार्टी की ओर से समर्थन दिया। उन्होंने
कहा कि सफाई कर्मचारी स्वच्छ शहर के लिए अहम कड़ी है, ऐसे में सरकार को कर्मचारियों
की मांगों पर तुरंत सकारात्मक कदम उठाते हुए उनका समाधान करना चाहिए।
हड़ताल से 1600 टन कचरा सड़कों पर
लगातार चल रही हड़ताल की वजह से जहां विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था
नहीं हो रही है वहीं डोर टू डोर कचरा उठाने का कार्य भी ठप है। एक अनुमान के अनुसार
हड़ताल के कारण अब तक 1600 टन कचरा सड़कों पर पड़ा सड़ांध मार रहा है। हड़ताल के कारण
शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर संकट गहराता जा रहा है। बढ़ते कचरे के कारण बीमारियों
फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

