हिसार : किसी भी शिक्षण संस्थान का आईना होते पूर्व विद्यार्थी : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग में
एलुमनाई मीट आयोजित
हिसार, 16 मार्च (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है
कि पूर्व विद्यार्थी किसी भी शिक्षण संस्थान का आईना होते हैं। पूर्व विद्यार्थियों
के कारण ही संबंधित संस्थान की व्यवस्था और सिद्धांत देश और दुनिया में पहुंचते हैं।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई साेमवार काे सीआरएस सभागार में फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग द्वारा
आयोजित ‘तीसरी एलुमनाई मीट’ को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कुलसचिव
डा. विजय कुमार व डीन एल्मुनाई प्रो. कर्मपाल नरवाल उपस्थित रहे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने
अपने संबोधन में पूर्व विद्यार्थियों से आह्वान किया वे समय-समय पर विश्वविद्यालय में
आकर वर्तमान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें तथा अपने अनुभव सांझा करें। उन्होंने
कहा कि वे वर्तमान औद्योगिक व वैश्विक परिस्थितियों के बारे में विश्वविद्यालय को अपनी
राय दें। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय की वर्तमान रैंकिंग, साइटेशन व एच-इंडेक्स
का हवाला देते हुए बताया कि गुजविप्रौवि वर्तमान में अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान को लगातार
मजबूत कर रहा है।
इस अवसर पर कुलसचिव डा. विजय कुमार
सभी एलुमनाई से व्यक्तिगत रूप से मिले और उनसे बहुत ही आत्मीयता के साथ संवाद किया।
डीन एलुमनाई प्रो. कर्मपाल नरवाल ने अपने सम्बोधन में सभी एलुमनाई से आह्वान किया कि
वे विभाग को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग दें।
इस अवसर पर विभाग के प्रथम वर्ष की
मानसी, द्वितीय वर्ष की कनन एवं तृतीय वर्ष के टॉपर रितेश चेक देकर स्वर्गीय प्रोफेसर
एसके सिंह मेमोरियल छात्रवृत्ति से सम्मानित किया। डीन प्रो. सुमित्रा सिंह ने सभी का धन्यवाद
किया।
कार्यक्रम में प्रो. सुनील शर्मा ने
अपने स्वागत सम्बोधन में बताया कि सम्मेलन में विभाग के लगभग 100 पूर्व छात्र-छात्राओं
ने भाग लिया। विभाग के एम.फार्मा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने वॉलेंटियर के रूप
में इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया।
इस अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष
डॉ. मनोज मैडल, जनरल सेक्रेटरी डॉ. विक्रमजीत सिंह व कोऑर्डिनेटर डा. रेखा सहित विभाग
के सभी अध्यापक भी उपस्थित रहे। मंच संचालन एमफार्मा की छात्रा प्रीति ने किया। कार्यक्रम
के दौरान और सभी ने एक-दूसरे के साथ अपने विचार साझा किए। कई एलुमनाई ने अपने पुराने
विभाग का दौरा भी किया। अपने पुराने विभाग में आकर वे काफी भावुक और प्रसन्न नजर आए
तथा उन्होंने वादा किया कि अगली बार इससे भी अधिक संख्या में शामिल होंगे और विभाग
को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे। इंडस्ट्री से जुड़े एलुमनाई प्रतिनिधियों ने भी
आश्वासन दिया कि वे विभाग की ऑन-कैंपस प्लेसमेंट को बढ़ाने में सहयोग करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

