home page

हिसार में 41 साल पुराने जमीन विवाद में 76 वर्षीय पूर्व सरपंच गिरफ्तार

 | 
हिसार में 41 साल पुराने जमीन विवाद में 76 वर्षीय पूर्व सरपंच गिरफ्तार


फर्जी राजस्व रिकॉर्ड तैयार करने के आरोप में

2016 में दर्ज हुआ था केस

अदालत के आदेश पर दोबारा जांच के बाद पुलिस ने

की कार्रवाई

हिसार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र

की ढाणी खान बहादुर, ढाणी गारण और ढाणी मिरदाद की संयुक्त पंचायत से जुड़े 41 साल पुराने

जमीन विवाद में पुलिस ने 76 वर्षीय पूर्व सरपंच शिवलाल को गिरफ्तार किया है। मामला

करीब 28 एकड़ जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने

के आरोपों से जुड़ा है।

वर्ष 2016 में दर्ज एफआईआर के बाद मामले में पुलिस

ने बंद करने की रिपोर्ट तैयार की थी, लेकिन जमीन संबंधी दीवानी मुकदमे में शिकायतकर्ता

पक्ष के हक में फैसला आने के बाद दोबारा जांच शुरू हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को

अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 8 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जांच अधिकारी एसआई चांदीराम ने गिरफ्तारी की पुष्टि

करते हुए बताया कि मामले में धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ी गई है और जांच जारी है। पुलिस

के अनुसार अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मामला शिकायतकर्ता देवी दयाल सिंगला की शिकायत

पर दर्ज हुआ था। शिकायत के अनुसार वर्ष 1985 में उसके पिता कुलवंत राय के नाम दर्ज

करीब 28 एकड़ जमीन की गिरदावरी कथित तौर पर पंचायत के नाम कर दी गई थी। शिकायतकर्ता

ने तत्कालीन सरपंच शिवलाल समेत अन्य लोगों पर फर्जी राजस्व रिकॉर्ड तैयार करने और जमीन

पर कब्जा करने की साजिश का आरोप लगाया था।

मूल रिकॉर्ड नहीं मिलने से गहराया विवाद

पुलिस जांच के अनुसार एसी-2 ग्रेड के 14 अक्टूबर

1985 के कथित आदेश और प्रस्ताव के आधार पर वर्ष 1985-86 के रोजनामचा की रपट संख्या

49-50 के जरिए कुलवंत राय के नाम दर्ज गिरदावरी को पंचायत के नाम दुरुस्त किया गया

था। हालांकि, जांच के दौरान संबंधित रेजुलेशन और एसी-2 ग्रेड के 14 अक्टूबर 1985 के

कथित आदेश का मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला। वर्ष 2016 में एफआईआर दर्ज होने के बाद

पुलिस ने मामले को बंद करने की रिपोर्ट तैयार की थी। इसके बाद जमीन संबंधी दीवानी मुकदमे

में शिकायतकर्ता पक्ष के हक में 22 जनवरी 2026 को फैसला आया। इसके बाद 18 अप्रैल को

मामले में आगे की जांच के आदेश दिए गए।

पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

दोबारा जांच शुरू होने के बाद पुलिस ने राजस्व

और पंचायत विभाग से संबंधित रिकॉर्ड हासिल किए। पुलिस के अनुसार कुछ रिकॉर्ड अभी हासिल

किए जाने बाकी हैं। जांच के दौरान मामले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की भी पड़ताल

की जा रही है। पुलिस ने अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच शुरू कर दी है और मामले

में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर